नई दिल्ली, संवाददाता https://dhadkannews.com : भारतीय रेलवे देशभर में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रेलवे वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कुल 11 नई ट्रेनों की शुरुआत करने की तैयारी में है। इन ट्रेनों का लाभ पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों को मिलेगा। खास बात यह है कि असम और पश्चिम बंगाल में जल्द होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन ट्रेनों की घोषणा को अहम माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित 11 नई ट्रेनों में 8 अमृत भारत एक्सप्रेस, 1 वंदे भारत स्लीपर और 2 सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। अमृत भारत एक्सप्रेस को किफायती श्रेणी की ट्रेन माना जाता है, जिसमें कम किराए पर यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्तावित रूट
- दिल्ली–हावड़ा (आनंद विहार टर्मिनल)
- न्यू जलपाईगुड़ी–तिरुचिरापल्ली
- एसएमवीटी बेंगलुरु–अलीपुरद्वार
- अलीपुरद्वार–पनवेल
- डिब्रूगढ़–गोमती नगर (लखनऊ)
- कामाख्या–रोहतक
- सियालदह–वाराणसी
- न्यू जलपाईगुड़ी–नागरकोली
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलाई जाएगी। 16 कोच वाली इस ट्रेन में 11 थर्ड एसी, 4 सेकेंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच होगा। यह ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम होगी। नारंगी और भूरे रंग की यह ट्रेन पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के बीच रेल संपर्क को नई गति देगी।
यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी के बीच लगभग 958 किलोमीटर की दूरी 14 घंटे में तय करेगी। ट्रेन का ठहराव मालदा टाउन, न्यू जलपाईगुड़ी और कामाख्या जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा। खास बात यह है कि इस ट्रेन में आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा नहीं होगी।
संभावित रेल किराया
- हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी (3AC): 1334 रुपये
- हावड़ा–मालदा टाउन (3AC): 960 रुपये
- हावड़ा–कामाख्या (2AC): 2970 रुपये
- हावड़ा–कामाख्या (1AC): 3640 रुपये
इसके अलावा कामाख्या से मालदा टाउन और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच भी अलग-अलग श्रेणियों के लिए किराया तय किया गया है।
दो नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें
रेलवे पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के बीच भी दो नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। इनमें एसएमवीटी बेंगलुरु–बालूरघाट एक्सप्रेस और एसएमवीटी बेंगलुरु–राधिकापुर एक्सप्रेस शामिल हैं। साथ ही रेलवे बोर्ड ने बांकुरा–मयानपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन को जयरामबाटी तक बढ़ाने का फैसला भी लिया है।
रेलवे के इस फैसले से न केवल लंबी दूरी की यात्रा तेज और सुविधाजनक होगी, बल्कि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के साथ दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।



