Wednesday, October 14, 2026
spot_img
Homeदेशभोज की खुशियां मातम में बदलीं! बच्चों से भरी नाव नदी में...

भोज की खुशियां मातम में बदलीं! बच्चों से भरी नाव नदी में समाई, 13 मासूमों की मौत

पटना/वैशाली : किसी घर में भोज हो, गांव में चहल-पहल हो और बच्चे खुशी-खुशी उस पार जाने के लिए नाव पर सवार हों… लेकिन कुछ ही पलों में यह खुशी चीख-पुकार और मातम में बदल जाए, तो उस दर्द को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत से नाव हादसे की ऐसी ही दर्दनाक खबर सामने आई है। मंगलवार की रात नदी के बीच नाव डूबने से कई बच्चों की जान चली गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया।

भोज में जाने निकले बच्चे, बीच पानी में जिंदगी की डोर टूटी

मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन था। बताया गया कि करीब 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर नदी के दूसरी ओर भोज खाने जा रहे थे।

बच्चों की नाव अभी बीच नदी में ही पहुंची थी कि अचानक डूब गई। पानी में बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

एक घंटे तक चला रेस्क्यू, बच्चों को लेकर अस्पताल दौड़े ग्रामीण

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कई बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की उम्मीदें डॉक्टरों की जांच पर टिकी थीं, लेकिन कई परिवारों को ऐसी खबर मिली जिसने उनकी दुनिया उजाड़ दी।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, अपनों को खोकर बिलखते रहे परिजन

नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत की खबर से अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। किसी की गोद सूनी हो गई, तो किसी के घर का चिराग बुझ गया। रामपुर श्यामचंद पंचायत समेत आसपास के गांवों में मातम पसरा रहा।

प्रशासन को सूचना, हादसे के बाद उठे कई सवाल

घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। हादसे के कारणों, नाव की क्षमता, सुरक्षा के इंतजाम और बचाव व्यवस्था से जुड़े सवालों पर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि पानी में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हालांकि, इस घटना में नाव डूबने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
DGS SOLAR

Most Popular

Recent Comments