नई दिल्ली, संवाददाता https://dhadkannews.com : राजधानी दिल्ली इन दिनों कड़ाके की ठंड के आगोश में है। शनिवार को राजधानी में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। सफदरजंग वेधशाला पर न्यूनतम तापमान गिरकर 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो बीते तीन वर्षों में जनवरी महीने की सबसे कम रीडिंग मानी जा रही है।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार और सोमवार के लिए कोल्ड वेव और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम होगी और सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण खासकर सुबह और रात के समय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में भी तापमान में तेज गिरावट देखी गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री, पालम और अयानगर में 4.5 डिग्री, लोधी रोड पर 4.7 डिग्री, जबकि रिज इलाके में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री तक नीचे चला जाता है, तो उसे शीत लहर की श्रेणी में रखा जाता है।
ठंड के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। शनिवार शाम 4 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 346 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं, चांदनी चौक में AQI 395 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ स्तर के बेहद करीब है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में फैल नहीं पा रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता और खराब होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों को सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।



