नई दिल्ली, https://dhadkannews.com : सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने वालों के लिए अब सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार की ‘राहवीर योजना’ के तहत अगर कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाता है तो उसे 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने पर डेढ़ लाख रुपये तक के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। यानी हादसे के बाद शुरुआती सात दिनों तक इलाज का पूरा खर्च सरकार की ओर से दिया जाएगा, ताकि समय पर इलाज न मिलने से होने वाली मौतों को रोका जा सके।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि देश में हर साल करीब डेढ़ लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या उन लोगों की होती है जिन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाता। सरकार की कोशिश है कि आम लोग आगे आएं और घायलों की मदद करने से न डरें। सरकार सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए अब तक 40 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दुर्घटना संभावित स्थलों को सुरक्षित बनाने का काम कर चुकी है।
इसी दौरान नितिन गडकरी ने दिल्ली-एनसीआर के लिए कई बड़ी सड़क परियोजनाओं का ऐलान भी किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली-चंडीगढ़ मार्ग और दिल्ली-देहरादून गलियारे को जोड़ने वाले 17 किलोमीटर लंबे नए मार्ग को मंजूरी मिल चुकी है। यह सड़क Tronica City तक जाएगी और इस पर करीब 3 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसके अलावा Noida से Faridabad के बीच 65 किलोमीटर लंबा नया मार्ग बनाया जाएगा, जिसकी लागत करीब 7 हजार करोड़ रुपये होगी। इससे लोनी, बागपत, दिल्ली और फरीदाबाद के यातायात दबाव से राहत मिलेगी। इसका निर्माण इसी वर्ष दिसंबर से शुरू होगा। वहीं डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना छह लेन नियंत्रित राजमार्ग अगले 20 दिनों में शुरू होने जा रहा है। करीब 59 किलोमीटर लंबे इस प्रकल्प पर 4463 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह राजमार्ग दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना को तेज संपर्क देगा। साथ ही Noida International Airport और Delhi-Mumbai Expressway से सीधा जुड़ाव भी स्थापित करेगा।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और लोगों का सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित, सुगम और तेज बनेगा।



