नई दिल्ली, संवाददाता https://dhadkannews.com: देशभर में जारी कड़ाके की ठंड के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दे दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 से 25 जनवरी के बीच 9 राज्यों में भारी बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रहेगी, जिससे हाईवे, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।
दिल्ली में बदलेगा मौसम, यूपी-बिहार में बढ़ेगी कंपकंपी
राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन 23 जनवरी से बारिश की शुरुआत होने के आसार हैं, जिससे ठंड फिर तेज हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, मेरठ सहित 10 से अधिक शहरों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह-शाम ठंडी हवाएं 15 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं 22 जनवरी के बाद यूपी के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बिहार के पटना, गया और दरभंगा में भी मौसम का मिज़ाज बदलेगा। यहां 20 जनवरी से तापमान में 1–2 डिग्री की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, कोहरे में वाहन सावधानी से चलाने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।



