लखनऊ, संवाददाता https://dhadkannews.com: सूबे की सियासी फिज़ा में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अपर्णा यादव और प्रतीक यादव के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब मामला और गंभीर हो गया है। प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक और आरोपों से भरा पोस्ट शेयर कर तलाक का ऐलान कर दिया है, जिससे सियासी और सामाजिक हलकों में हलचल मच गई है।
इंस्टाग्राम पर लिखे अपने पोस्ट में प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपर्णा को ‘स्वार्थी महिला’ बताते हुए लिखा कि उन्होंने उनका पूरा परिवार बर्बाद कर दिया। प्रतीक का कहना है कि इस रिश्ते की वजह से उनकी मानसिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। प्रतीक यादव ने अपने पोस्ट में यह भी साफ किया है कि वह जल्द ही अपर्णा यादव से तलाक लेंगे। इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है और लोग इस पोस्ट को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अपर्णा यादव की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रतीक यादव ने भी इंस्टाग्राम पोस्ट के अलावा लिखित या आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
अपर्णा यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू रही हैं और राजनीति में भी उनका नाम हमेशा सुर्खियों में रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट से विधानसभा चुनाव लड़ा था। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया, जिसे यूपी की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम माना गया। फिलहाल अपर्णा यादव भाजपा में सक्रिय हैं और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती रही हैं।
प्रतीक यादव भी एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आते हैं। वे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं और लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाए रखने के बावजूद पारिवारिक पहचान के चलते हमेशा चर्चा में रहे हैं। निजी जीवन को सार्वजनिक मंच से दूर रखने वाले प्रतीक यादव का इस तरह सोशल मीडिया पर सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है।
राजनीतिक परिवार से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल रिश्ते में आया यह तूफान अब सिर्फ निजी नहीं रहा। सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अपर्णा यादव कब इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ती हैं और आगे की कहानी क्या मोड़ लेती है।



