इंदौर, https://dhadkannews.com: मध्यप्रदेश के इंदौर में एआई वॉयस मॉड्यूलेशन से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्कूल शिक्षिका से ठगों ने उसके भाई की आवाज़ की नकल कर ₹97,500 की ठगी कर ली। यह मध्यप्रदेश में दर्ज पहला एआई फ्रॉड केस माना जा रहा है।
ठगों ने शिक्षिका के चचेरे भाई की आवाज़ की नकल कर उसे फोन किया और कहा कि उसके दोस्त को दिल का दौरा पड़ा है और ऑपरेशन के लिए पैसे चाहिए। शिक्षिका ने तुरंत पैसे ट्रांसफर कर दिए। यह मामला इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह डिजिटल अपराध के एक नए और खतरनाक चरण की शुरुआत है।



