लखनऊ, संवाददाता https://dhadkannews.com: लखनऊ के निशातगंज इलाके से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां 65 वर्षीय निर्मला देवी की हत्या कहीं बाहर नहीं, बल्कि उनके अपने घर के भीतर रची गई।
घर के भीतर ही बुनी गई ‘मौत की स्क्रिप्ट’
महानगर थाना क्षेत्र की गली नंबर 2 में रहने वाली निर्मला देवी अपने बेटे, बहू और पोते-पोतियों के साथ रहती थीं। जिस घर को सुरक्षित माना जाता है, वही उनके लिए आखिरी जगह बन गया। आरोप है कि बहू रंजना ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले से पूरी योजना बनाई थी। घर में लगे CCTV कैमरे बंद किए, सास के हाथ-पैर बांधे और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
पोते ने देखा सबसे डरावना मंजर
घटना का खुलासा तब हुआ जब पोता काम से लौटकर घर पहुंचा। दरवाजा खुला था, लेकिन अंदर का नजारा देख वह सन्न रह गया। दादी बंधी हुई हालत में बेसुध पड़ी थीं। उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
अवैध संबंध’ बने हत्या की वजह
जांच में जो वजह सामने आई, उसने इस हत्याकांड को और भी सनसनीखेज बना दिया। पुलिस के मुताबिक, बहू के अपने किराएदार राजन के साथ अवैध संबंध थे।निर्मला देवी इस रिश्ते का विरोध करती थीं, यही विरोध उनकी मौत की वजह बन गया।
डॉग स्क्वॉड ने खोला राज
मामले में सबसे अहम कड़ी बना पुलिस डॉग, जिसने अपराधी को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। घटनास्थल से सूंघते हुए वह सीधे संदिग्ध राजन के पास पहुंचा और उस पर झपट पड़ा। यहीं से कहानी पलटी और पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
प्लानिंग इतनी ‘साफ’, कि शक भी वहीं गया
पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने का समय चुना गया जब घर के पुरुष सदस्य बाहर थे। CCTV बंद करना पहले से तय था। हत्या को ‘नेचुरल डेथ’ दिखाने की कोशिश भी की गई, लेकिन छोटी-छोटी गलतियों ने पूरी साजिश खोल दी।



