कानपुर, संवाददाता https://dhadkannews.com:विकासखंड शिवराजपुर के ग्राम डोड़वा जमौली में आयोजित दो दिवसीय मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण रोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सीमा शुक्ला और बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक मोहम्मद इस्लाम ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक मोहम्मद इस्लाम ने उपस्थित लाभार्थियों को बैंकिंग प्रक्रियाओं, आवश्यक दस्तावेजों और सिबिल स्कोर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने में हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। ग्राम प्रधान सीमा शुक्ला ने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीणों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों से भी अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक सही तरीके से पहुंचाएं। जिला रिसोर्स पर्सन शिवम त्रिपाठी ने बताया कि जो लाभार्थी अपना उद्यम स्थापित करना चाहते हैं, उन्हें परियोजना रिपोर्ट और ऋण आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, मशीनरी कोटेशन तथा शैक्षिक व प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज तैयार रखने होंगे। राजकीय फल संरक्षण केंद्र, कानपुर नगर के प्रभारी कमलेश बाबू मिश्रा ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण में शामिल इच्छुक लाभार्थियों में से करीब 10 लोगों के उद्यम स्थापना के प्रस्ताव स्वीकार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर खाद्य प्रसंस्करण विशेषज्ञ जितेंद्र मिश्रा ने प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। विशेष रूप से सब्जियों के प्रसंस्करण और मूल्य वर्धित उत्पाद जैसे अचार बनाने की विधियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जनपद रिसोर्स पर्सन शिवम त्रिपाठी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया।



