भोपाल: शादी के मंडप से दूल्हे को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद एक ऐसा नज़ारा सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। हाथों में गहरी मेहंदी, चेहरे पर हल्दी और गले में वरमाला पहने दुल्हन सीधे थाने पहुंच गई और पुलिस से अपने होने वाले पति से मिलने की गुहार लगाने लगी।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाने में दुल्हन सीमा ने पुलिस से अनुरोध किया कि उसके होने वाले पति आकाश नीलकंठ को कुछ घंटों के लिए छोड़ दिया जाए ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें। जब पुलिस ने यह मांग ठुकरा दी तो उसने एक और अजीब प्रस्ताव रख दिया—“अगर रिहा करना संभव नहीं है तो कम से कम कस्टडी में ही फेरे करा दीजिए।” हालांकि पुलिस ने इस पर भी सहमति नहीं दी।
मंडप से सीधा पुलिस हिरासत
दरअसल, भोपाल में सक्रिय एक अवैध गैंग के सरगना आकाश नीलकंठ की शादी बुधवार दोपहर सीमा से हो रही थी। शादी की रस्में चल ही रही थीं कि पुलिस टीम अचानक मौके पर पहुंच गई और दूल्हे को मंडप से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आकाश के साथ उसके साथियों राजमजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय, अभिषेक मीणा, नीरज खानगे और अमित ओसवाल को भी गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
पुजारी के अपहरण और फिरौती का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मिलकर एक 26 वर्षीय पुजारी का अपहरण किया था। उसे एक कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की गई और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुजारी को ईदगाह हिल्स इलाके के एक फ्लैट में कैद करके रखा था। इस दौरान उसके भाई से ऑनलाइन 50 हजार रुपये वसूले गए और बाकी 7.5 लाख रुपये पांच किस्तों में देने का दबाव बनाया गया।
शिकायत के बाद खुला पूरा राज
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित ने 11 मार्च को कोहेफिजा थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले पर पुलिस का आधिकारिक बयान
भोपाल पुलिस के डीसीपी मयूर खंडेलवाल के अनुसार, पुजारी की दोस्ती आरोपी गैंग के सदस्य अभिषेक उपाध्याय से थी। उसी ने उसे जैन नगर स्थित कमरे पर बुलाया था, जहां पहुंचते ही बाकी आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और फिरौती मांगनी शुरू कर दी।फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गैंग ने पहले कितने लोगों को इसी तरह निशाना बनाया है।



