Monday, March 2, 2026
spot_img
Homeराज्यउत्तर प्रदेशप्यार, पैसा और कत्ल! झांसी में लिव-इन पार्टनर की नृशंस हत्या से...

प्यार, पैसा और कत्ल! झांसी में लिव-इन पार्टनर की नृशंस हत्या से हड़कंप

झांसी/कानपुर, संवाददाता https://dhadkannews.com: उत्तर प्रदेश के झांसी से सामने आई यह खौफनाक वारदात किसी अपराध थ्रिलर फिल्म की कहानी से कम नहीं है। प्रेम, लालच और धोखे के जाल में उलझे एक रिटायर्ड रेलकर्मी ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह के मुताबिक, मृतका के पूर्व पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के बेटे नितिन सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी रामसिंह परिहार घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

नीले बक्से में जलाई गई लाश, राख नदी में बहाई

पुलिस जांच में सामने आया है कि रिटायर्ड रेलकर्मी रामसिंह परिहार, जो पहले ही दो शादियां कर चुका था, बीते कुछ समय से प्रीति नामक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। आरोप है कि पैसों को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। इसी से परेशान होकर रामसिंह ने 8 जनवरी को प्रीति की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने क्रूरता की सारी सीमाएं पार कर दीं। उसने शव को एक नीले रंग के बक्से में रखकर जला दिया। सबूत मिटाने के इरादे से राख को बोरियों में भरकर नदी में बहा दिया गया। वहीं, बक्से में बचे हड्डियों और अन्य अवशेषों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने अपने बेटे नितिन की मदद ली और उसे अपनी दूसरी पत्नी के घर भिजवा दिया।

चालक की सूझबूझ से उजागर हुआ खौफनाक सच

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब लोडर चालक जयपाल को बक्से से तेज दुर्गंध आने लगी और रामसिंह की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जयपाल ने तुरंत यूपी-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस फूटा चोपड़ा मोहल्ले में आरोपी की दूसरी पत्नी गीता के घर पहुंची। बक्सा खोले जाने पर उसमें मानव हड्डियों के अवशेष और कोयला मिला, जिसे देख पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है।

विवादों से भरा है आरोपी का पारिवारिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, रामसिंह का पारिवारिक जीवन शुरू से ही विवादों में रहा है। करीब 30 साल पहले उसने अपनी पहली पत्नी को छोड़ दिया था और बाद में दूसरी पत्नी गीता के साथ रहने लगा। दूसरी पत्नी की बहू ने बताया कि रामसिंह ने साजिश के तहत अपने बेटे नितिन और उसके दोस्तों को सामान ढोने के बहाने बुलाया और उसी दौरान यह खूनी बक्सा घर तक पहुंचाया गया।
पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से रामसिंह इलाके में लकड़ियां इकट्ठा कर रहा था और आसपास जलने जैसी अजीब दुर्गंध फैल रही थी, जिसे लोग ठंड के मौसम में जलाए गए अलाव का धुआं समझकर नजरअंदाज कर बैठे।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए से जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
DGS SOLAR

Most Popular

Recent Comments