लखनऊ, संवाददाता https://dhadkannews.com: उत्तर प्रदेश बीजेपी को नया अध्यक्ष मिल गया है। पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश बीजेपी के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के नाम का ऐलान किया। अध्यक्ष ने नाम का ऐलान होते ही पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। लखनऊ स्थित डॉ राम मनोहर लोहिया लॉ कॉलेज के हॉल में कार्यकर्ताओं और बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में पंकज चौधरी के नाम का औपचारिक ऐलान किया गया।
आपको बताते चलें कि पंकज चौधरी ने शनिवार को यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके प्रस्तावक खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बने। पंकज के आगे और किसी ने भी बीजेपी यूपी अध्यक्ष के लिए नामांकन नहीं किया जिससे वह निर्विरोध ‘बीजेपी यूपी’ अध्यक्ष बनें।
आगामी पंचायत व विधानसभा चुनावों पर बीजेपी की नजर, उसी के मद्देनजर पंकज पर मुहर
जानकारों के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव आगामी पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जाएगा और जाति और क्षेत्रीय समीकरणों पर मजबूत पकड़ रखने वाले को ही इस पद के लिए चुने जाने की संभावना थी। हुआ भी वही और पंकज चौधरी के नाम पर मुहर लगी। आपको मालूम हो कि पंकज चौधरी महाराजगंज संसदीय क्षेत्र से सात बार के सांसद हैं। वह अन्य पिछड़ा वर्ग के कुर्मी जाति से आते हैं उन्हें पीएम नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का करीबी व भरोसेमंद माना जाता है। कुर्मी समुदाय का पूरे उत्तर प्रदेश में ओबीसी समुदाय में काफी प्रभाव है, और 2024 के लोकसभा और 2022 के विधानसभा चुनाव में, इस जाति ने राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी की ओर अपना झुकाव दिखाया था। ऐसे सभी समीकरणों को देखते हुए बीजेपी आलाकमान ने पंकज चौधरी को अध्यक्ष पद की कामना सौंपी है और इनसे काफी ज्यादा उम्मीद है।
‘पंकज चौधरी’ एक नजर में
गोरखपुर के घंटाघर हरबंश गली स्थित घर में 20 नवम्बर 1964 में जन्मे पंकज चौधरी ने एम पी इंटर कॉलेज और गोरखपुर विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है। औद्योगिक घराने में जन्मे पंकज चौधरी ने राजनीति में कदम रखा और नगर निगम गोरखपुर में पार्षद बने और डिप्टी मेयर बने। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के उद्योगपति भगवती चौधरी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उज्ज्वल चौधरी के छोटे बेटे पंकज चौधरी ने गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के तौर पर 1989 में राजनीति का सफर शुरू किया। इनकी शिक्षा गोरखपुर विश्वविद्यालय से हुई है। वर्ष 1990 में वह भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्य समिति सदस्य बने।
पंकज चौधरी एक व दो बार नहीं बल्कि 07 बार सांसद रहे हैं। वह पहली बार 10वीं लोकसभा में वर्ष 1991 में महराजगंज संसदीय सीट से बीजेपी के सिंबल पर सांसद चुने गए। 11वीं और 12वीं लोकसभा में वर्ष 1996, 1998 में भी वह सांसद चुने गए। वह 2014 से लगातार लोकसभा के सदस्य हैं। 2019 में वे फिर से सांसद बने और मोदी कैबिनेट के पहले विस्तार में ही उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री का पद मिला। 2024 में वह फिर से चुनाव जीते और मंत्री बने। पंकज चौधरी का राजनीतिक कैरियर काफी लंबा है और बहुत अनुभवी बीजेपी नेता हैं। इनके नेतृत्व में यूपी बीजेपी नए कीर्तिमान की ओर नजर बनाए हुए है।



