Sunday, August 30, 2026
spot_img
Homeराष्ट्रीयचमोली में टनल बनी ‘मुसीबत की सुरंग’! अचानक घुसा पानी-मलबा, मजदूरों की...

चमोली में टनल बनी ‘मुसीबत की सुरंग’! अचानक घुसा पानी-मलबा, मजदूरों की जान पर संकट

देहरादून, https://dhadkannews.com  :उत्तराखंड के चमोली जिले में पीपलकोटी क्षेत्र की एक टनल में अचानक पानी और मलबा आने से बड़ा हादसा सामने आया है। टनल के भीतर पानी का तेज बहाव आने के बाद वहां काम कर रहे मजदूरों के फंसने की आशंका पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल सक्रिय हो गए हैं।

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में घटना के समय टनल के अंदर 22 मजदूरों के मौजूद होने की बात सामने आई है। इनमें से कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। निकाले गए मजदूरों में से दो को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया है, जबकि अन्य प्रभावित मजदूरों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अतिरिक्त एंबुलेंस मौके पर भेजी गई हैं।

अचानक पानी और मलबे ने बढ़ाई मुश्किल

बताया जा रहा है कि टनल के अंदर अचानक पानी का तेज बहाव आने से स्थिति बिगड़ी। पानी भरने के कारण कुछ मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका है। बचाव दल टनल के भीतर पहुंचकर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है और प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

धामी ने दिए युद्धस्तर पर बचाव के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी स्थित THDC टनल में मलबा और पानी आने की घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर NDRF और SDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

हर मिनट अहम, रेस्क्यू पर टिकी निगाहें

फिलहाल टनल के अंदर फंसे मजदूरों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर पूरी तस्वीर साफ नहीं है। प्रशासन की टीमें लगातार जानकारी जुटा रही हैं और बचाव दल अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

चमोली की इस टनल में अचानक आया पानी और मलबा बड़े खतरे का संकेत बन गया है। अब सबसे बड़ी चुनौती टनल के भीतर फंसे हर मजदूर को सुरक्षित बाहर निकालना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
DGS SOLAR

Most Popular

Recent Comments